
खेती का काम आसान बनाने के लिए वैज्ञानिक हर दिन नए उपकरण विकसित करते रहते हैं। ऐसा ही एक उपकरण है कंबाइन हार्वेस्टर (Combine Harvester), जो फसल की कटाई, थ्रेशिंग और सफाई का काम आसानी से कर सकता है। पहले खेती के काम में जितनी मेहनत और समय लगता था, अब वह नए-नए कृषि उपकरणों की बदौलत काफी कम हो गया है। कंबाइन हार्वेस्टर बहुत कम समय में फसल की कटाई, थ्रेशिंग, इकट्ठा करने और सफाई का काम कर सकता है। इसे किसानों का सच्चा साथी कहना गलत नहीं होगा। इस मशीन की खासियत, किन फसलों की कटाई इससे की जा सकती है और यह किसानों के लिए क्यों फायदेमंद है, इस बारे में किसान ऑफ़ इंडिया के संवाददाता सर्वेश बुंदेली ने इकबाल से चर्चा की।
कंबाइन हार्वेस्टर क्या है?
इकबाल बताते हैं कि आजकल मौसम तेजी से बदलता है, और मज़दूरों की कमी भी एक बड़ी समस्या है। ऐसे में कंबाइन हार्वेस्टर मशीन बहुत फायदेमंद साबित होती है। यह मशीन केवल 20-25 मिनट में एक एकड़ फसल की कटाई, थ्रेशिंग और सफाई कर देती है। कई बार फसल कटाई के लिए तैयार रहती है, लेकिन मज़दूरों की कमी के कारण कटाई नहीं हो पाती और अचानक बरसात हो जाने से पूरी फसल खराब हो जाती है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कंबाइन हार्वेस्टर मशीन रखने से यह समस्या नहीं आती, क्योंकि यह बहुत तेजी से काम करती है।
कंबाइन हार्वेस्टर से कौन-कौन सी फसलों की कटाई होती है?
कंबाइन हार्वेस्टर किसानों के लिए एक बहुउपयोगी मशीन है। इकबाल बताते हैं कि इससे गेहूं, धान, चना, सरसों, धनिया, जीरा, मूंग, उड़द, सोयाबीन और सूरजमुखी जैसी फसलों की कटाई की जा सकती है। कटाई के बाद यह मशीन दाने निकालकर सफाई भी करती है। इसमें लगी कई जालियों के कारण फसल पूरी तरह साफ हो जाती है। यानी मशीन से फसल आने के बाद किसानों को पूरी तरह तैयार फसल मिलती है, जिसे वे सीधे बेच सकते हैं या स्टॉक कर सकते हैं।